Strange Facts about LPG cylinders

Strange Facts about LPG cylinders: आज के दौर में अगर भारत में किसी चीज की कीमत ‘शेयर बाजार’ के ग्राफ की तरह ऊपर-नीचे (ज्यादातर ऊपर) होती है, तो वो है हमारा प्यारा लाल सिलेंडर। ट्रम्प ताऊजी ने जब से ईरान पर हमला किया है, चाय तक कंजूसी से पीने पर विवश है यह दुनिया. सुबह उठकर चाय बनाने के लिए जब हम लाइटर जलाते हैं, तो आधी दुआ तो यही होती है कि “हे भगवान, आज गैस खत्म न हो जाए!”

लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जिस सिलेंडर को हम अपनी रसोई का ‘सुपरमैन’ समझते हैं, उसके पीछे कितने राज छुपे हैं? चलिए, आज बात करते हैं उन Strange Facts about LPG cylinders की, जिनके बारे में जानकर शायद आप सिलेंडर को गले लगा लें (सावधानी से, वरना पड़ोसी पुलिस बुला लेंगे)।

1. सिलेंडर का अपना ‘आधार कार्ड’ (Expiry Date)

Lpg-expiry-date Courtesy- Total Energies India
LPG expiry date Checking | Courtesy: Total Energies India

क्या आपको पता है कि आपके सिलेंडर की भी एक्सपायरी डेट होती है? नहीं, ये वो तारीख बिल्कुल नहीं है जब गैस ख़त्म हो जाती है ना ही वो संडे की सुहावनी शाम जब पकौड़े तले जा रहे होते हैं और गैस नौ दो ग्यारह हो जाती है।

सिलेंडर के ऊपर की तीन पट्टियों में से एक पर A-26, B-27, C-28 जैसा कुछ लिखा होता है।

  • A: जनवरी से मार्च
  • B: अप्रैल से जून
  • C: जुलाई से सितंबर
  • D: अक्टूबर से दिसंबर

अगर आपके सिलेंडर पर B-26 लिखा है, तो इसका मतलब है कि जून 2026 तक इसकी टेस्टिंग हो जानी चाहिए। अगर आप एक्सपायर्ड सिलेंडर इस्तेमाल कर रहे हैं, तो बधाई हो! आप बिना लाइसेंस के बम पर बैठे हैं।

2. गैस की ‘महक’ एक धोखा है!

Secret of LPG Gas Smell
Secret of LPG Gas Smell

एलपीजी गैस असल में गंधहीन (Odourless) होती है। इसमें कोई महक नहीं होती। अब आप कहेंगे, “भाई, फिर वो जो रसोई में सड़े हुए अंडे जैसी बदबू आती है, वो क्या है?”

दरअसल, वो गंध जानबूझकर डाली जाती है। इसे Ethyl Mercaptan कहते हैं। इसे इसलिए मिलाया जाता है ताकि अगर लीक हो, तो आपको पता चल जाए। वरना आप तो शांति से सो रहे होंगे और गैस चुपके से पूरी रसोई पर कब्जा कर लेगी। ये तो वही बात हुई कि जहर में जानबूझकर कड़वाहट डाली जाए ताकि खाने वाले को पता चल जाए कि “बेटा, ये आखिरी निवाला है!”

3. सिलेंडर का ‘लाल रंग’ ही क्यों?

Why LPG Cylinder is always of Red colour
Why LPG Cylinder is always of Red colour

क्या आपने कभी सोचा कि सिलेंडर नीला, पीला या गुलाबी क्यों नहीं होता? (हालांकि सुना है कुछ फैंसी लोग अब फाइबर वाले पारदर्शी सिलेंडर भी ला रहे हैं)। लाल रंग का चुनाव इसलिए किया गया क्योंकि यह खतरे का संकेत है। साथ ही, लाल रंग की वेवलेंथ (Wavelength) सबसे ज्यादा होती है, जिससे यह दूर से ही दिख जाता है। यह बताने के लिए काफी है: “मुझसे दूर रहो, मैं प्रेशर में हूँ!” यानी हमें पता ही नहीं था कि हम दो दो प्रेशर के साथ जीते हैं, एक तो लाल सिलिंडर का और दूसरा तमतमा कर हमेशा लाल चेहरा रखने वाली रसोई की मालकिन जी का।

4. 6 से 40 लाख का इंश्योरेंस (जो कोई नहीं बताता)

ये वो फैक्ट है जिसे गैस एजेंसियां अक्सर ‘भूल’ जाती हैं। अगर भगवान न करे, एलपीजी सिलेंडर की वजह से कोई हादसा होता है, तो ग्राहक को 6 से लेकर लगभग ₹40 लाख तक का इंश्योरेंस मिलता है। इसके लिए आपको अलग से कोई प्रीमियम नहीं देना होता। बस शर्त ये है कि आपका पाइप (Suraksha Hose) और रेगुलेटर आईएसआई (ISI) मार्क वाला होना चाहिए। नहीं नहीं भाई, ग़लत तरफ़ दिमाग़ नहीं लगाने का , 40 लाख के लालच में जान बिल्कुल नहीं गवाने का।

5. सिलेंडर के नीचे के छेद: क्या ये फैशन है?

6 Strange Facts about LPG cylinders
Holes on Bottom of LPG Cylinder

सिलेंडर के नीचे जो रिंग होती है, उसमें छोटे-छोटे छेद होते हैं। ये कोई डिजाइन नहीं है। ये छेद हवा के सर्कुलेशन के लिए होते हैं। सिलेंडर के निचले हिस्से में नमी की वजह से जंग लगने का डर रहता है। ये छेद हवा को गुजरने देते हैं जिससे जंग नहीं लगती और सिलेंडर की उम्र (और आपकी भी) लंबी बनी रहती है।

6. गैस का ‘तरल’ रूप

सिलेंडर को हिलाकर देखिए, आपको लगेगा कि अंदर पानी भरा है। यह असल में Liquefied Petroleum Gas है। बहुत ज्यादा दबाव (Pressure) डालकर गैस को तरल बना दिया जाता है। इसलिए जब आप रेगुलेटर खोलते हैं, तो वही तरल फिर से गैस बनकर बाहर निकलता है।

वर्तमान संदर्भ गैस लीला और भी पेचीदा

अब बात करते हैं आज के हालात की। 2026 में सिलेंडर बुक करना किसी थ्रिलर मूवी जैसा हो गया है। मोबाइल ऐप पर ‘बुक’ बटन दबाते वक्त दिल की धड़कनें वैसी ही होती हैं जैसे ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में 7 करोड़ के सवाल पर होती हैं। फिर उसके बाद आप पहले तो ऐप को कोसते हैं, फिर ट्रम्प ताऊ को, फिर सरकार को और बाद में घर के लोगों पर भी लांछन लगने लगता है। संवाद कुछ ऐसे होते हैं ‘और पियो चाय दिन में दस बार, अब अगले हफ़्ते तक खाना नहीं बनेगा’।

बजट और सिलेंडर का ‘रोमांस’

हालिया बजट में कमर्शियल सिलेंडर के दाम फिर बढ़ गए। वैसे हर साल ऐसा ही होता है। अब तो स्थिति ये है कि अगर घर में मेहमान आ जाएं, तो लोग चाय पूछने के बजाय मेहमानों को इधर उधर की बातों में उलझा देते हैं , जैसे मौसम, धुरंधर, राजनीति या आईपीएल। शादियों में अब दूल्हा-दुल्हन को सोने के गहनों के बजाय अगर कोई ‘भरा हुआ सिलेंडर’ गिफ्ट कर दे, तो उसे सबसे अमीर रिश्तेदार माना जाता है।

पैनिक बुकिंग और ‘हॉर्मुज जलडमरूमध्य’ (Strait of Hormuz) का खौफ

खबर आई कि खाड़ी देशों में तनाव है और गैस की सप्लाई रुक सकती है। फिर क्या था? पूरे भारत ने ऐसे बुकिंग शुरू की जैसे कल से खाना मिलना ही बंद हो जाएगा। सरकार कह रही है कि 2.5 दिन में डिलीवरी मिलेगी, लेकिन हमें तो आदत है ‘स्टॉक’ करने की। अब तो लोग सिलेंडर को बेड के नीचे छिपाकर सो रहे हैं, जैसे वो कोई ख़ानदानी ख़ज़ाना हो। वैसे एल बात हैं यह जो गैस की शॉर्टेज का कारण हैं उसे बोलना बड़ा कठिन है, हिंदी में ‘हॉर्मुज जलडमरूमध्य’ और अंग्रेज़ी में Strait of Hormuz दोनों को बोलने में पसीने छूट जाते हैं मगर pronunciation हमेशा ग़लत ही रहती है।

LPG सेफ्टी टिप्स, जो आपके काम आएंगे (LPG Safety Tips for your benefit)

बहुत मज़ाक़ हो गई अब कुछ ज़रूरी बातें :

  1. साबुन के पानी का टेस्ट: अगर शक हो कि लीक है, तो माचिस मत जलाइए! साबुन का घोल जोड़ों पर लगाएं, अगर बुलबुले बनें, तो समझो गड़बड़ है।
  2. रात को रेगुलेटर बंद करें: ये आपकी मम्मी की सबसे अच्छी आदत है, इसे मजाक में न लें।
  3. ओरिजिनल पाइप: ₹100 बचाने के चक्कर में लोकल पाइप न लगाएं। वरना कितने भी लाख का इंश्योरेंस हो बिल्कुल भी काम नहीं आएगा।

तो करें क्या भैया ?

एलपीजी सिलेंडर हमारी रसोई का वो खामोश सदस्य है जो तब तक याद नहीं आता जब तक कि वो खत्म न हो जाए। आज के महंगे दौर में, गैस की बचत ही असली कमाई है। तो अगली बार जब आप चाय बनाएं, तो याद रखिएगा कि आप उस नीली लौ के साथ भारत की अर्थव्यवस्था और अपने बैंक बैलेंस को भी जला रहे हैं।वैसे एक बात तो है, अगर सिलेंडर और महंगा हुआ, तो शायद हमें वापस ‘लकड़ी और चूल्हे’ पर जाना पड़े। कम से कम उसमें ‘सब्सिडी’ के लिए OTP का इंतजार तो नहीं करना पड़ेगा! इतनी भी नज़ाक नहीं करनी चाहिए क्यूंकि मज़ाक़ एक तरफ़ और हॉर्मुज जलडमरूमध्य दूसरी तरफ़ 🙂

Read more: Tips to save electricity bill: फ्रिज से कैसे करें कम बिजली बिल

Follow us on Facebook for more such Strange Facts about LPG cylinders.